Breaking
AdSense का जो verification code लगाया है, उसे साइट से हटाना नहीं है। मेडिकल एजेंसी में चोरी का खुलासा: 96 नग कफ सिरप चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
BREAKING

मेडिकल एजेंसी में चोरी का खुलासा: 96 नग कफ सिरप चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

 


10 मार्च 2026/कोशलभूमि न्यूज़ 

मुंगेली/लोरमी। मुंगेली जिले के लोरमी थाना क्षेत्र में मेडिकल एजेंसी में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं इस घटना में एक विधि से संघर्षरत बालक की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए 96 नग कफ सिरप बरामद किए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार लोरमी निवासी मुकेश कुमार कश्यप ने थाना लोरमी में शिकायत दर्ज कराई थी कि 5 मार्च 2026 की सुबह जब वे नया बस स्टैंड स्थित अपनी मेडिकल एजेंसी पहुंचे तो दुकान का ताला टूटा हुआ मिला। दुकान की जांच करने पर RC KUFF कफ सिरप का एक कार्टून, जिसमें कुल 96 नग सिरप था, अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिया गया था।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें दो संदिग्धों की पहचान रिंकु कश्यप (20 वर्ष) निवासी कंकालीनपारा वार्ड क्रमांक 04 लोरमी तथा एक विधि से संघर्षरत बालक के रूप में हुई।

पुलिस ने रिंकु कश्यप को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने नाबालिग साथी के साथ मिलकर नशा करने के उद्देश्य से मेडिकल एजेंसी से कफ सिरप चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया 96 नग कफ सिरप बरामद कर लिया।

पुलिस ने आरोपी रिंकु कश्यप को 9 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जबकि घटना में शामिल विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ किशोर न्याय बोर्ड की प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार आरोपी रिंकु कश्यप थाना लोरमी क्षेत्र का गैंग हिस्ट्रीशीटर है और पूर्व में हत्या के मामले में भी आरोपी रहा है। जमानत पर छूटने के बाद उसने नशा करने के उद्देश्य से इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और सुरक्षा के लिए अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगाएं।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लोरमी निरीक्षक अखिलेश कुमार वैष्णव, उपनिरीक्षक मानसिंह सहित पुलिस टीम के अन्य कर्मचारियों की अहम भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ