अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर रायपुर प्रेस क्लब में महिला पत्रकारों का सम्मान, ‘पिंक रूम’ का उद्घाटन
08 मार्च मुंगेली/कोशलभूमि न्यूज
रायपुर, 08 मार्च 2026। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर रायपुर प्रेस क्लब में WO मन उत्सव 2026 के अंतर्गत मीडिया महिला शक्ति संगम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला पत्रकारों ने भाग लिया। कार्यक्रम में कलमकार नारी थीम के तहत महिला पत्रकारों के लिए विभिन्न प्रेरक और मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े उपस्थित रहीं। उनके साथ राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा और फूलो देवी नेताम, रायपुर की महापौर मीनल चौबे, जनता कांग्रेस जोगी की नेत्री रेणु जोगी, एएसपी अर्चना झा तथा पार्षद अंजुमन ढेबर विशेष रूप से मौजूद रहीं।
सभी अतिथियों ने महिला पत्रकारों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक तथा शैक्षणिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में महिला पत्रकार समाज के महत्वपूर्ण मुद्दों को सामने लाकर सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि महिला पत्रकार समाज की आवाज को मजबूती से सामने लाने का कार्य कर रही हैं और ऐसे आयोजन महिलाओं को प्रेरणा देने के साथ उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाते हैं। वहीं राज्यसभा सदस्य फूलो देवी नेताम ने कहा कि मीडिया में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी समाज में जागरूकता और संवेदनशीलता को मजबूत बनाती है।
रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रही हैं और पत्रकारिता में उनका योगदान शहर और समाज के विकास की दिशा तय करने में अहम है। जनता कांग्रेस जोगी की नेत्री रेणु जोगी ने महिला पत्रकारों की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महिला पत्रकारों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
एएसपी अर्चना झा ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान समाज की साझा जिम्मेदारी है और मीडिया इस दिशा में अहम भूमिका निभा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने प्रेस क्लब द्वारा आयोजित खेल मड़ई के अंतर्गत महिला पत्रकारों के बीच आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का उल्लेख करते हुए विजेता और उपविजेता टीमों को 21-21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की।
इस अवसर पर उन्होंने महिला पत्रकारों के लिए बनाए गए नवनिर्मित ‘पिंक रूम’ का उद्घाटन भी किया और इसे महिला पत्रकारों के लिए बेहतर कार्य वातावरण की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया। कार्यक्रम में प्रश्नोत्तरी, डांस प्रतियोगिता और टैलेंट कॉन्टेस्ट जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। डीजे की धुन पर महिला पत्रकार और अतिथि उत्साहपूर्वक कार्यक्रम का आनंद लेते नजर आए। महिलाओं से जुड़े लोकप्रिय गीतों पर कार्यक्रम का माहौल उत्साह और उल्लास से भर गया।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों ज्योति ठाकुर, सोनल शर्मा, आकांक्षा दुबे, आकांक्षा शर्मा, विनीत मंडल, रेखा, वर्षा यादव और मोनिका को पुरस्कृत किया गया। सभी प्रतिभागियों को प्रेस क्लब की ओर से क्राउन पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू, भूपेश जांगड़े सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ और महिला पत्रकार उपस्थित रहे।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित इस कार्यक्रम ने महिला पत्रकारों के योगदान को सम्मानित करने के साथ-साथ समाज में महिला सशक्तिकरण और सम्मान का सकारात्मक संदेश भी दिया।
💥💥💥💥💥💥💥💥💥💥💥💥💥
👉 खबरें और भी है -
🔍 मुंगेली पुलिस की बड़ी सफलता: 24 घंटे के भीतर हत्या के प्रयास और लूट के तीन आरोपी गिरफ्तार....पुरी खबर पढ़ने के लिए लिंक को खोले



%202025.jpg%20(1).jpeg)
0 टिप्पणियाँ