अमित शाह के दौरे पर गृहमंत्री विजय शर्मा का बयान,भूपेश बघेल के बयान पर पलटवार
रायपुर// केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यह 31 मार्च 2026 की समयसीमा से पहले की अंतिम बड़ी बैठक है। इस बैठक में वामपंथी उग्रवाद (LWE) से प्रभावित राज्यों के पुलिस महानिदेशक और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल होंगे।
गृहमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि बैठक के दो प्रमुख एजेंडे होंगे। पहला, 31 मार्च 2026 तक देश को पूरी तरह सशस्त्र नक्सलवाद से मुक्त कैसे किया जाए। दूसरा, बस्तर में लंबे समय से रुके हुए विकास कार्यों को दोबारा कैसे शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि बस्तर के विकास की शुरुआत आजीविका (लाइवलीहुड) से की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बस्तर पण्डुम का आयोजन पूरे बस्तर के सांस्कृतिक, सामाजिक और आर्थिक संवर्धन के उद्देश्य से किया गया है, ताकि क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिल सके।
भूपेश बघेल के बयान पर पलटवार
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा पंजाब में दिए गए बयान—कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न किसान के साथ हैं और न जवान के साथ—पर प्रतिक्रिया देते हुए गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि भूपेश बघेल को पहले राहुल गांधी से सवाल पूछना चाहिए कि उन्होंने सिखों को गद्दार क्यों कहा। उन्होंने कहा कि पंजाब जाकर इस तरह के बयान देने से पहले भूपेश बघेल को अपनी पार्टी नेतृत्व से स्थिति स्पष्ट कर लेनी चाहिए।
रायपुर में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठकें आज
गौरतलब है कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ के दौरे पर हैं। दौरे के तहत आज वे रायपुर के एक निजी होटल में विभागीय समीक्षा बैठकों की अध्यक्षता करेंगे। इन बैठकों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृहमंत्री विजय शर्मा भी उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम के अनुसार, पहली विभागीय समीक्षा बैठक सुबह 11 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक चलेगी। इसके बाद दूसरी समीक्षा बैठक 12:45 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित की जाएगी। दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक भोजन अवकाश निर्धारित किया गया है।

%202025.jpg%20(1).jpeg)
0 टिप्पणियाँ