बिलासपुर में अवैध हुक्काबार पर पुलिस का शिकंजा, तीन युवक गिरफ्तार
बिलासपुर// शहर में नियमों की अनदेखी कर संचालित किए जा रहे एक हुक्काबार पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने छापेमारी कर हुक्काबार के मैनेजर समेत तीन युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि संचालक को मामले में आरोपी बनाते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के भीतर एक हुक्काबार बिना अनुमति और नियमों के विरुद्ध संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां से मैनेजर विक्रम ठाकुर, रितेश विश्वकर्मा और अरबाज खान को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ और जांच के दौरान यह सामने आया कि हुक्काबार का संचालन विनोद ठाकुर द्वारा किया जा रहा था। पुलिस ने उसे भी प्रकरण में नामजद आरोपी बनाया है, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने हुक्काबार से 6 हुक्का पॉट, 8 कोको जेल कोयला, 7 चिलम, पाइप, स्टैंड, मोबाइल फोन और नकद राशि बरामद की है। जब्त की गई सामग्री प्रतिबंधित होने के चलते आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध रूप से संचालित गतिविधियों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती बरती जाएगी।

%202025.jpg%20(1).jpeg)
0 टिप्पणियाँ