रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए राज्य सरकार ने बड़ा रोजगार अवसर प्रदान करते हुए 5000 शिक्षकों की भर्ती करने का निर्णय लिया है। शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और युवाओं को स्थायी रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। शिक्षक भर्ती परीक्षाओं की संभावित तिथियां भी जारी कर दी गई हैं, जिससे अभ्यर्थियों में उत्साह का माहौल है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार सहायक शिक्षक की परीक्षा 11 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। इसके बाद शिक्षक (मिडिल/हाई स्कूल) पद के लिए परीक्षा 25 अक्टूबर 2026 को होगी, जबकि व्याख्याता (लेक्चरर) पद के लिए परीक्षा 29 नवंबर 2026 को प्रस्तावित है। परीक्षाएं व्यापम द्वारा आयोजित की जाएंगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि राज्य सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और रिक्त पदों को भरने के लिए यह भर्ती प्रक्रिया अत्यंत आवश्यक थी। 5000 शिक्षकों की नियुक्ति से न केवल युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि प्रदेश के स्कूलों में शिक्षकों की कमी भी दूर होगी।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि सरकार पारदर्शी और समयबद्ध प्रक्रिया के माध्यम से भर्ती सुनिश्चित करेगी। उन्होंने अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ की गई तैयारी निश्चित रूप से सफलता दिलाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश के युवा ही राज्य के भविष्य निर्माता हैं। शिक्षकों की भूमिका समाज निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। नई पीढ़ी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में ये नियुक्तियां अहम साबित होंगी।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार परीक्षा कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी, आवेदन प्रक्रिया, पात्रता मानदंड एवं अन्य दिशा-निर्देश संबंधित पोर्टल पर जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय-समय पर आधिकारिक सूचना पर नजर बनाए रखें और अपनी तैयारी को अंतिम रूप दें।
प्रदेश के विभिन्न जिलों में लंबे समय से शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने की मांग की जा रही थी। ऐसे में यह निर्णय युवाओं और शिक्षा जगत के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि भर्ती प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद विद्यालयों में शिक्षण कार्य और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित हो सकेगा।

%202025.jpg%20(1).jpeg)
0 टिप्पणियाँ