वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई
मुंगेली,16 फरवरी 2026।
जिला मुख्यालय मुंगेली के बलानी चौक स्थित मोनिका ज्वेलर्स में हुई सोने के पेंडल की चोरी का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। इस मामले में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सोने का पेंडल और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
क्या है पूरा मामला....?
प्रार्थी सतीश कुमार सोनी (58 वर्ष), निवासी बलानी चौक मुंगेली, ने दिनांक 11 फरवरी 2026 को थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 10 फरवरी 2026 को दोपहर लगभग 2 बजे एक युवक सोने का पेंडल (मंगलसूत्र) खरीदने के बहाने दुकान में आया। पेंडल दिखाने के दौरान मौका पाकर वह सोने का पेंडल लेकर फरार हो गया।
रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 57/2026 धारा 305(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी और साइबर सेल की मदद से खुलासा
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में साइबर सेल और सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।
दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन में दो संदिग्ध युवक एक ब्लैक-रेड रंग की बिना नंबर प्लेट मोटरसाइकिल पर दुकान के सामने खड़े दिखाई दिए। एक युवक बाहर बाइक पर बैठा रहा, जबकि दूसरा अंदर जाकर चोरी कर बाहर निकलते ही साथी के साथ फरार हो गया।
नगर के हाईटेक कैमरों और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान ग्राम घोरबंधा,थाना लोरमी निवासी—
- श्लोक कुमार पात्रे (22 वर्ष)
- विवेक कुमार पात्रे (19 वर्ष) के रूप में की गई।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि घटना के समय मोटरसाइकिल क्रमांक CG 28 S 8197 की नंबर प्लेट निकाल दी थी, ताकि पहचान न हो सके। चोरी किया गया 9.05 ग्राम वजन का सोने का पेंडल (कीमत लगभग ₹85,000) मोटरसाइकिल की सीट के अंदर छिपाकर रखा गया था।
15 फरवरी 2026 को जब आरोपी चोरी का माल बेचने की फिराक में थे,तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
क्या-क्या हुआ बरामद?
- 01 नग सोने का पेंडल (वजन 9.05 ग्राम, कीमत लगभग ₹85,000)
- घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (कीमत लगभग ₹1,00,000)
- कुल जुमला मशरूका ₹1,85,000
दोनों आरोपियों को 16 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस की अपील
मुंगेली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। संपत्ति संबंधी अपराधों पर पुलिस की सतत और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक प्रसाद सिन्हा सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

%202025.jpg%20(1).jpeg)
0 टिप्पणियाँ