26 फरवरी को अधिसूचना जारी, 5 मार्च तक भरे जाएंगे नामांकन; एक सीट भाजपा और एक कांग्रेस के खाते में जाने की संभावना
01 मार्च ,रायपुर।
छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की दो रिक्त सीटों के लिए चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। 26 फरवरी को अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। प्रत्याशी 5 मार्च तक अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे। हालांकि अधिसूचना जारी होने के दो दिन बाद तक प्रमुख राजनीतिक दलों की ओर से उम्मीदवारों के नाम घोषित नहीं किए जाने के कारण अब तक किसी ने नामांकन दाखिल नहीं किया है।
विधानसभा की मौजूदा संख्या-स्थिति को देखते हुए एक सीट भारतीय जनता पार्टी और एक सीट कांग्रेस के खाते में जाने की प्रबल संभावना है। दोनों दलों ने संभावित नामों पर चर्चा कर अपने-अपने प्रस्ताव केंद्रीय नेतृत्व को भेज दिए हैं। अंतिम निर्णय शीर्ष नेतृत्व की सहमति के बाद ही सार्वजनिक किया जाएगा।
कांग्रेस में मंथन, प्रदेश नेतृत्व को मिल सकती है प्राथमिकता
कांग्रेस खेमे में संभावित उम्मीदवारों को लेकर गहन विचार-विमर्श जारी है। पार्टी संगठनात्मक अनुभव, आदिवासी नेतृत्व और क्षेत्रीय संतुलन जैसे कारकों को ध्यान में रखकर निर्णय लेने की तैयारी में है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस बार प्रदेश नेतृत्व से जुड़े किसी वरिष्ठ चेहरे को प्राथमिकता दी जा सकती है।
भाजपा में भी नाम तय करने की प्रक्रिया जारी
भाजपा परंपरागत रूप से राज्यसभा के लिए स्थानीय और संगठन से जुड़े नेताओं को अवसर देती रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार संभावित नामों पर चर्चा पूरी हो चुकी है और प्रस्ताव केंद्रीय नेतृत्व के पास भेजा गया है। जल्द ही उम्मीदवारों की घोषणा की संभावना है।
विधानसभा में दलीय स्थिति स्पष्ट
छत्तीसगढ़ विधानसभा में कुल 90 सदस्य हैं। वर्तमान स्थिति में भाजपा के 54 विधायक, कांग्रेस के 35 विधायक और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का एक विधायक है।
राज्यसभा चुनाव के निर्धारित फार्मूले के अनुसार किसी भी उम्मीदवार को जीत सुनिश्चित करने के लिए न्यूनतम 31 प्रथम वरीयता मतों की आवश्यकता होगी। संख्या बल को देखते हुए दोनों प्रमुख दल एक-एक सीट जीतने की स्थिति में नजर आ रहे हैं।
9 अप्रैल को समाप्त होगा दो सदस्यों का कार्यकाल
छत्तीसगढ़ से वर्तमान में राज्यसभा में पांच सदस्य हैं। इनमें से दो सदस्यों का कार्यकाल 9 अप्रैल को समाप्त हो रहा है। कांग्रेस की फूलोदेवी नेताम और केटीएस तुलसी का कार्यकाल समाप्त होने जा रहा है।
कांग्रेस के राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन का कार्यकाल वर्ष 2028 तक है, जबकि भाजपा से देवेन्द्र प्रताप सिंह वर्ष 2030 तक सदस्य बने रहेंगे।
राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि राज्यसभा चुनाव भले ही संख्या के लिहाज से स्पष्ट दिख रहा हो, लेकिन उम्मीदवारों के चयन को लेकर दोनों दलों के भीतर गहन रणनीतिक चर्चा जारी है। आने वाले दिनों में नामों की घोषणा के साथ ही राजनीतिक सरगर्मियां और तेज होने की संभावना है।
--------------------------------
👉 खबरें और भी है -
🔍 मुंगेली पुलिस की बड़ी सफलता: 53.51 ग्राम ब्राउन शुगर सहित 5 आरोपी गिरफ्तार, ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत कड़ी कार्रवाई
https://koshalbhuminews.blogspot.com/2026/03/mungeli-brown-sugar-53-gram-5-arrested-jarhagaon-ndps-2026.html
🔍 छत्तीसगढ़ में 5000 शिक्षकों की भर्ती का बड़ा फैसला,अक्टूबर-नवंबर में होंगी परीक्षाएं
🔍 3.23 लाख रुपये के गबन में पंचायत सचिव गिरफ्तार,न्यायिक हिरासत में भेजा गया


%202025.jpg%20(1).jpeg)
0 टिप्पणियाँ