23 फरवरी 2026 कोंडागांव/लक्ष्मीनाथ नाग
कोण्डागांव जनगणना-2027 के सफल एवं पारदर्शी क्रियान्वयन के उद्देश्य से जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सोमवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता करते हुए जनगणना के प्रथम चरण से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है, जिसके माध्यम से देश की जनसंख्या, आवास एवं सामाजिक-आर्थिक स्थिति का सटीक आंकलन किया जाता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने तथा जनगणना कार्य को पूर्ण पारदर्शिता एवं दक्षता के साथ संपन्न करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण के दौरान जनगणना निदेशालय रायपुर से आए मास्टर ट्रेनर श्री हिरेन्द्र कुमार सिन्हा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना के प्रथम चरण, मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना की प्रक्रिया के संबंध में चरणबद्ध एवं विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि जनगणना का प्रथम चरण 01 मई से 30 मई 2027 तक संचालित किया जाएगा, जिसमें जिले के सभी मकानों का सूचीकरण एवं गणना का कार्य किया जाएगा।
इस वर्ष जनगणना की विशेषता यह है कि संपूर्ण डाटा संकलन कार्य केवल डिजिटल माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों द्वारा एचएलओ (HLO) मोबाइल एप के माध्यम से डाटा प्रविष्टि की जाएगी। प्रशिक्षण में मकान सूचीकरण की प्रक्रिया, फील्ड में डाटा संकलन, मोबाइल एप के उपयोग, चार्ज अधिकारियों की जिम्मेदारियां तथा कार्य के दौरान संभावित समस्याओं एवं उनके समाधान के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चाली ठाकुर, एसडीएम श्री अजय उरांव, श्री अश्वन पुसाम एवं सुश्री आकांक्षा नायक सहित तहसीलदार, मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) एवं विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

%202025.jpg%20(1).jpeg)
0 टिप्पणियाँ