कोण्डागांव
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर ग्राम पेंड्रावन, जिला कोण्डागांव में आयोजित दो दिवसीय मानस गान आध्यात्मिक सम्मेलन भक्ति, आस्था और सामाजिक जागरूकता का अद्भुत संगम बनकर उभरा। इस भव्य आयोजन में जहां रामचरितमानस के मधुर गान से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया, वहीं समाज को एक नई दिशा देने के उद्देश्य से “आओ बनाएं नशा मुक्त भारत” अभियान के तहत अखिल विश्व गायत्री परिवार, विकासखंड बड़ेराजपुर द्वारा विशेष नशा मुक्ति प्रदर्शनी भी लगाई गई।
प्रदर्शनी के माध्यम से युवाओं एवं ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया। प्रदर्शनी में चित्रों, संदेशों एवं प्रेरक उदाहरणों के माध्यम से बताया गया कि नशा न केवल व्यक्ति बल्कि परिवार और समाज के विकास में भी बाधक है।
इस गरिमामयी अवसर पर तुलसी मानस प्रतिष्ठान के प्रदेश संरक्षक श्री मोहन मण्डावी जी, प्रदेश अध्यक्ष श्री जगदीश देशमुख जी, प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री छगन यादव जी तथा प्रदेश महासचिव श्री राजेन्द्र सिंह ठाकुर जी की विशेष उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने नशा मुक्ति अभियान की सराहना करते हुए समाज को जागरूक एवं संस्कारित बनाने का आह्वान किया।
अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि महाशिवरात्रि जैसे पावन पर्व पर आध्यात्मिक आयोजन के साथ नशा मुक्ति का संदेश देना समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायक पहल है। इससे युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलेगी और राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित होगी।
कार्यक्रम के दौरान मानस गान, भजन-कीर्तन एवं पूजा-अर्चना से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।
यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि नशा मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक सशक्त और प्रेरणादायक संदेश भी दे गया।

%202025.jpg%20(1).jpeg)
0 टिप्पणियाँ