मिर्जापुर में शॉर्ट एनकाउंटर, दो बदमाशों के पैर में लगी गोली; लूटा गया सोना-नकदी बरामद
बिलासपुर से भागकर यूपी पहुंचे आरोपी
जानकारी के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बिलासपुर से अंबिकापुर की दिशा में निकलते हुए उत्तर प्रदेश की ओर भाग गए थे। छत्तीसगढ़ पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी थी और यूपी पुलिस के साथ समन्वय कर लोकेशन ट्रेस की जा रही थी। इसी दौरान मिर्जापुर क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। बताया गया कि पकड़ने की कोशिश के दौरान बदमाश भागने लगे, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी विजय लांबा और उसके एक साथी के पैर में गोली लगी, जिससे वे घायल हो गए। चारों को हिरासत में ले लिया गया है।
सफेद स्कॉर्पियो सहित माल बरामद
पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन, लूटे गए सोना-चांदी के जेवरात और नगदी बरामद की गई है। घायल आरोपियों का उपचार कराकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
कारोबारी पर हथौड़ी और पिस्टल के बट से हमला
गौरतलब है कि मंगलवार रात करीब 9 बजे बिलासपुर के राजकिशोर नगर क्षेत्र में सराफा व्यापारी संतोष तिवारी पर हमला कर उनकी कार लूट ली गई थी। अज्ञात बदमाशों ने टेलीफोन एक्सचेंज रोड के पास उनका रास्ता रोका। बताया गया कि दो गाड़ियों में आए आरोपियों ने कार का दरवाजा खोलकर व्यापारी के सिर पर हथौड़ी और पिस्टल के बट से वार किया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें कार से नीचे गिराकर बदमाश वाहन लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल व्यापारी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने तत्काल क्षेत्र में नाकेबंदी कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया।
कार में था ढाई किलो सोना और साढ़े तीन लाख रुपये
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक व्यापारी की कार में लगभग ढाई किलो सोना और करीब साढ़े तीन लाख रुपये नकद रखे थे। बदमाश ज्वेलरी से भरा बैग अपने साथ ले गए थे। बाद में पुलिस ने लूटी गई कार शहर से लगे उरतुम गांव के पास लावारिस हालत में बरामद की थी। इससे स्पष्ट हुआ कि आरोपी एक से अधिक वाहनों का उपयोग कर रहे थे।
जिंदा कारतूस और मैगजीन बरामद
घटनास्थल से पुलिस को एक मैगजीन और चार जिंदा कारतूस भी मिले, जो चले नहीं थे। हालांकि गोली चलने की अफवाह फैल गई थी। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपियों ने हथियार का इस्तेमाल किया या केवल डराने के लिए साथ रखा था। मौके से एक पैशन प्रो बाइक और एक अन्य कार भी बरामद की गई, जिन्हें आरोपी छोड़कर भाग निकले थे।
बहु-राज्यीय समन्वय से मिली सफलता
इस मामले में छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश पुलिस के संयुक्त प्रयास से आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिली। अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ में अन्य संभावित सहयोगियों और नेटवर्क की जानकारी भी जुटाई जा रही है। व्यापारी के स्वस्थ होने के बाद उनका विस्तृत बयान दर्ज किया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और लूटकांड से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे संगठित आपराधिक गिरोहों पर सख्त संदेश गया है।


%202025.jpg%20(1).jpeg)
0 टिप्पणियाँ