फायलेरिया की दवा पूरी तरह सुरक्षित,अफवाह या भ्रम से रहें सतर्क,सामूहिक सेवन के प्रति लोगों में उत्साह
👉जिले में 01 लाख से अधिक लोगों को खिलाई गई दवा
👉ग्राम भरदा में स्वास्थ्य शिकायत पर तत्काल पहुंची टीम
मुंगेली,10फरवरी 2026। जिले में फायलेरिया (हाथीपाँव) उन्मूलन के लिए संचालित सामूहिक दवा सेवन अभियान के अंतर्गत आज जिले में कुल 01लाख 6 हजार 358 लोगों को दवा खिलाई गई। यह दवा पूरी तरह सुरक्षित है तथा औषधि विशेषज्ञों एवं चिकित्सकों द्वारा लंबे परीक्षण के बाद फायलेरिया जैसे गंभीर रोग से बचाव हेतु तैयार की गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि दवा सेवन के बाद कुछ व्यक्तियों को हल्का सिर दर्द, हल्का बुखार, उल्टी, पेट दर्द, चक्कर आना अथवा नींद आने जैसी सामान्य प्रतिक्रिया हो सकती है, जिसमें घबराने की आवश्यकता नहीं है। वहीं, कुछ बच्चों के पेट में कृमि होने की स्थिति में दवा में सम्मिलित अलबेंडाजोल गोली के प्रभाव से कृमि मरने पर पेट में हल्का दर्द हो सकता है, जो सामान्य प्रक्रिया है।
मुंगेली विकासखंड के ग्राम भरदा में दवा सेवन के बाद 06 बच्चों एवं 01 बुजुर्गों द्वारा थकान, नींद आने तथा पेट दर्द की शिकायत की गई। शिकायत मिलते ही कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की चिकित्सक एवं नर्सिंग टीम, एसडीएम एवं तहसीलदार के साथ मौके पर पहुंची और घर-घर भ्रमण कर संबंधित बच्चों एवं परिवारजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के दौरान सभी बच्चे एवं संबंधित व्यक्ति पूर्णतः स्वस्थ पाए गए। गांव में दवा सेवन के बाद किसी भी व्यक्ति के गंभीर रूप से अस्वस्थ होने की पुष्टि नहीं हुई।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि फायलेरिया उन्मूलन हेतु दवा सेवन अभियान में सहभागिता सुनिश्चित करें तथा किसी भी प्रकार की सामान्य प्रतिक्रिया होने पर घबराएं नहीं। आवश्यकता पड़ने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या स्वास्थ्य टीम से संपर्क करें।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि फायलेरिया की दवाइयां पूरी तरह सुरक्षित हैं और यह अभियान जिले को हाथीपाँव जैसे गंभीर रोग से मुक्त करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है।


%202025.jpg%20(1).jpeg)
0 टिप्पणियाँ