Breaking
AdSense का जो verification code लगाया है, उसे साइट से हटाना नहीं है। कलेक्टर ने समय-सीमा बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य व जनमन योजनाओं की प्रगति की विस्तार से की समीक्षा
BREAKING

कलेक्टर ने समय-सीमा बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य व जनमन योजनाओं की प्रगति की विस्तार से की समीक्षा

 शतप्रतिशत बच्चों का करें आधार पंजीयन एवं बायोमैट्रिक अपडेट: कलेक्टर

कलेक्टर ने समय-सीमा बैठक में शिक्षा,स्वास्थ्य व जनमन योजनाओं की प्रगति की विस्तार से की समीक्षा

मुंगेली, 10 फरवरी 2026// कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों की गहन समीक्षा की और लक्ष्यानुरूप प्रगति लाने निर्देशित किया। उन्होने शिक्षा, स्वास्थ्य, आदिवासी विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की और विभिन्न विभागों के अधिकारियों से प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए। बैठक में शिक्षा विभाग से संबंधित योजनाओं की समीक्षा करते हुए विद्यार्थियों की अपार आईडी निर्माण, आधार पंजीयन एवं बायोमैट्रिक अपडेट की प्रगति पर विस्तार से चर्चा कर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। 

      कलेक्टर ने डीईओ, बीईओ एवं बीआरसी को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए नियमित मॉनिटरिंग करने एवं समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही बीईओ एवं बीआरसी को निर्देशित किया गया कि जरूरतमंद बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से बनवाए जाएं, ताकि शिविरों के माध्यम से बच्चों का आधार कार्ड तैयार किया जा सके। उन्होंने सचिवों के माध्यम से ऑनलाइन जन्म प्रमाण पत्र बनवाना सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया। कलेक्टर ने जंगल एवं दूरस्थ क्षेत्रों में निवासरत बच्चों को विशेष प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि शिविरों के माध्यम से प्रमाण पत्र बनवाने हेतु कोई भी पात्र बच्चा छूटने न पाए। उन्होने बैठक के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी से नवीन भवन निर्माण से संबंधित जानकारी ली और केंद्रीय विद्यालय हेतु भूमि आबंटन की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

     कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान “मोर आधार मोर पहचान” शिविरों में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिन बच्चों का आधार कार्ड बन चुका है लेकिन आयुष्मान कार्ड नहीं बना है, उनका मौके पर ही आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए। साथ ही आधार शिविरों के माध्यम से आभा आईडी भी समानांतर रूप से बनाए जाने पर जोर दिया। उन्होंने संस्थागत प्रसव की विकासखंडवार समीक्षा करते हुए सीएचसी एवं पीएचसी स्तर पर संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने हेतु लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करने, नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा हाई रिस्क प्रेग्नेंसी मामलों में समय पर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा टीकाकरण की समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। कलेक्टर ने आयुष्मान भारत योजना एवं वय वंदना कार्ड की प्रगति की समीक्षा करते हुए वरिष्ठ नागरिकों के अधिक से अधिक वय वंदना कार्ड बनाए जाने निर्देशित किया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम जनमन आवास योजना एवं अन्य आवास योजनाओं की जानकारी ली तथा जनपद लोरमी के सीईओ को जनमन आवास के कार्य गंभीरता, गुणवत्ता एवं समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

      कलेक्टर ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने जनपद सीईओ एवं सीएमओ को निर्देशित किया कि सूर्यघर योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक लोगों को लाभ लेने के लिए जागरूक किया जाए तथा पात्र हितग्राहियों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग कर प्रगति में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने आदिवासी विभाग की समीक्षा के दौरान धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान एवं प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और लक्ष्यानुरूप प्रगति लाने निर्देशित किया। बैठक में जनमन सड़क एवं पाइपलाइन के माध्यम से जलापूर्ति योजनाओं की स्थिति की भी समीक्षा की गई और सभी कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए नियमित समीक्षा, आपसी समन्वय एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाए। इस दौरान अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, लोरमी एसडीएम श्री अजीत पुजारी, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ