Breaking
AdSense का जो verification code लगाया है, उसे साइट से हटाना नहीं है। पेरमापाल में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता सम्पन्न
BREAKING

पेरमापाल में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता सम्पन्न

आमगांव की टीम रही विजेता, महिलाओं को साड़ी वितरण कर किया गया सम्मानित

कोंडागांव। सामुदायिक पुलिसिंग के तहत जिला कोंडागांव के सुदूरवर्ती थाना बयानार क्षेत्र के ग्राम पेरमापाल में दिनांक 16 एवं 17 फरवरी 2026 को दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन पुलिस अधीक्षक कोंडागांव श्री पंकज चंद्रा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रूपेश कुमार डॉडे, एसडीओपी मर्दापाल श्री सतीश भार्गव के संरक्षण एवं थाना प्रभारी बयानार श्री राकेश कुमार राठौर के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ।

समापन समारोह के अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रूपेश कुमार डॉडे, एसडीओपी श्री सतीश भार्गव सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ग्राम पेरमापाल के सरपंच श्री दसरू नेताम, फूल सिंह कोराम, माटी पुजारी तिजू राम कोर्राम, ग्राम पटेल बज्जू राम कोर्राम, गायता पट्टू राम कोर्राम, बुध राम कोर्राम, सिरहा ऊसारु राम कोर्राम सहित आसपास के ग्रामों के सरपंच एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर ग्रामीणों की आस्था के अनुरूप कुलदेवी-देवता की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। अतिथियों का स्वागत पारंपरिक मादरी नृत्य दल द्वारा किया गया, जिससे आयोजन में सांस्कृतिक रंग और भी प्रखर हो उठा।

इस प्रतियोगिता में पेरमापाल, मुंगवाल, चेमा, रेंगागोंदी, आदनार, केजंग, कोरोहबेडा, चेरांग, जोगी अलवाड, तोतर, आमगांव, बयानार एवं मढ़नार सहित कुल 16 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रोमांचक मुकाबलों के बाद ग्राम आमगांव की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। ग्राम मुंगवाल ‘ए’ की टीम द्वितीय, ग्राम आदनार की टीम तृतीय एवं मुंगवाल ‘बी’ की टीम चतुर्थ स्थान पर रही। विजेता एवं उपविजेता टीमों को शील्ड, जर्सी एवं नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्रथम पुरस्कार के रूप में ₹5000, द्वितीय ₹3000, तृतीय ₹2000 एवं चतुर्थ पुरस्कार के रूप में वॉलीबॉल, नेट एवं ₹1000 प्रदान किए गए।

इस अवसर पर ग्राम पेरमापाल की 20 महिलाओं को साड़ी वितरण कर सम्मानित किया गया, जिससे महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, खिलाड़ियों एवं ग्रामीणों के लिए समुचित भोजन की व्यवस्था की गई।

यह आयोजन सामुदायिक पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ, जिससे पुलिस एवं ग्रामीणों के बीच आपसी विश्वास, सहयोग एवं सामाजिक समरसता को नई मजबूती मिली।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ