रायपुर, 24 फरवरी। राज्य सरकार के बजट 2026-27 में स्वास्थ्य क्षेत्र को दी गई प्राथमिकता पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सरकार का तीसरा बजट प्रदेश की तीन करोड़ जनता के सामाजिक और आर्थिक विकास को समर्पित है तथा “छत्तीसगढ़ अंजोर 2047” के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मंत्री ने कहा कि बजट केवल आय-व्यय का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि प्रदेश को समृद्ध और स्वस्थ बनाने का संकल्प है। उन्होंने राज्य के शासकीय कर्मचारियों को कैशलैस चिकित्सा सुविधा देने के निर्णय को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे हजारों परिवारों को उपचार के दौरान आर्थिक राहत मिलेगी।
स्वास्थ्य योजनाओं के लिए बड़े प्रावधान
बजट में शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान भारत योजना के लिए 1,500 करोड़ रुपये तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 2,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। अंबिकापुर और धमतरी में जिला अस्पताल भवन निर्माण, रायपुर (कालीबाड़ी) में 200 बिस्तरों वाले मातृ-शिशु अस्पताल की स्थापना और चिरमिरी में नए जिला अस्पताल निर्माण की घोषणा से स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी।
चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा
दुर्ग, कोंडागांव, जशपुर और रायपुर में जीएनएम प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जाएंगे। दंतेवाड़ा, मनेन्द्रगढ़, कवर्धा, जांजगीर-चांपा और कुनकुरी में मेडिकल कॉलेज खोलने का प्रस्ताव है। कांकेर, कोरबा, मनेन्द्रगढ़, सरिया और महासमुंद में नर्सिंग कॉलेज की स्थापना से चिकित्सा शिक्षा को नई दिशा मिलेगी। राजनांदगांव में फिजियोथेरेपी कॉलेज और रायपुर में उन्नत कार्डियक संस्थान की स्थापना भी प्रस्तावित है।
ग्रामीण क्षेत्रों पर विशेष ध्यान
ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए 25 डायलिसिस केंद्र, 50 जन औषधि केंद्र तथा 25 से अधिक प्राथमिक, सामुदायिक एवं उप स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण का प्रावधान किया गया है। बिलासपुर में स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट और रायपुर में राज्य के पहले होम्योपैथी कॉलेज की स्थापना को भी महत्वपूर्ण निर्णय बताया गया है।
मंत्री ने बताया कि सत्य साईं संजीवनी अस्पताल के अधोसंरचना विस्तार के लिए 25 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को लाभ मिलेगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने विश्वास जताया कि बजट 2026-27 के प्रावधानों से प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत होगी और आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ उपचार उपलब्ध हो सकेगा।

%202025.jpg%20(1).jpeg)
0 टिप्पणियाँ