गौरेला-पेंड्रा-मरवाही।
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) द्वारा 20 फरवरी को व्यवहार न्यायाधीश (कनिष्ठ श्रेणी) परीक्षा 2024 का अंतिम परिणाम जारी किया गया। इस परीक्षा में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले के मरवाही ब्लॉक स्थित घुरदेवाटोला, ग्राम नगवाही की दुर्गेश नंदिनी मराबी ने सफलता प्राप्त करते हुए सिविल जज पद के लिए चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है।
अनुसूचित जनजाति वर्ग से संबंध रखने वाली दुर्गेश नंदिनी ने मेरिट सूची में 21वां स्थान प्राप्त किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण उनका चयन सामान्य वर्ग (जनरल) कोटे से हुआ है, जो उनकी प्रतिभा और परिश्रम का प्रमाण है।
दुर्गेश नंदिनी प्रारंभ से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उन्होंने 12वीं की शिक्षा केंद्रीय विद्यालय रायपुर से पूर्ण की। इसके पश्चात उन्होंने हिदायतुल्ला राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, रायपुर से बीए एलएलबी की डिग्री प्राप्त की। अध्ययन काल के दौरान ही उनका चयन सहायक अभियोजन अधिकारी (एपीओ) के पद पर रायपुर में हो गया था।
एपीओ के पद पर कार्यरत रहते हुए उन्होंने सिविल जज परीक्षा की तैयारी जारी रखी। लिखित परीक्षा और साक्षात्कार में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर तैयार अंतिम चयन सूची में उनका नाम शामिल हुआ।
दुर्गेश नंदिनी के पिता चैन सिंह मराबी रायपुर विकास प्राधिकरण में लेखाधिकारी हैं, जबकि उनके बड़े पिता भुनेश्वर सिंह मराबी मिडिल स्कूल साल्हेकोटा, विकासखंड मरवाही में प्रधान पाठक हैं। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार सहित पूरे जीपीएम जिले में हर्ष का माहौल है।
उल्लेखनीय है कि शासन के विधि एवं विधायी कार्य विभाग के अंतर्गत कुल 57 पदों पर भर्ती के लिए यह परीक्षा आयोजित की गई थी। नियमानुसार रिक्त पदों के तीन गुना अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाता है। 57 पदों के लिए 171 अभ्यर्थियों को बुलाया जाना था, किंतु आयोग ने 183 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया। अंतिम चयन लिखित परीक्षा और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के कुल योग के आधार पर किया गया। आयोग ने चयन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं नियमसम्मत बताया है।


%202025.jpg%20(1).jpeg)
0 टिप्पणियाँ