कहा – महंत और मुख्यमंत्री दोनों पूर्णकालिक पद,एक व्यक्ति कैसे निभाए दो जिम्मेदारियां
दुर्ग।
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का बयान सामने आया है। दुर्ग में मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तीखा हमला बोला।
भूपेश बघेल ने कहा कि महंत और मुख्यमंत्री दोनों ही पूर्णकालिक पद हैं। ऐसे में एक व्यक्ति दोनों दायित्व एक साथ कैसे निभा सकता है। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ अब निम्न स्तर की राजनीति पर उतर आए हैं।
बजट सत्र की अवधि पर भी उठाए सवाल
दल्लीराजहरा जाते समय मीडिया से चर्चा में बघेल ने 24 फरवरी से शुरू हो रहे बजट सत्र को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राज्य जैसे बड़े विषयों पर चर्चा के लिए 15 बैठकें पर्याप्त नहीं हैं। 23 फरवरी को राज्यपाल का अभिभाषण निर्धारित है और परंपरा के अनुसार धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा होती है, लेकिन 24 फरवरी को ही बजट पेश करने की बात सामने आ रही है।
उन्होंने सवाल किया कि इतनी जल्दबाजी क्यों है। क्या सरकार के पास बताने के लिए कुछ नहीं बचा है।
एआई समिट और अन्य मुद्दों पर टिप्पणी
भूपेश बघेल ने एआई समिट और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी सरकार पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि पूरे आयोजन का उद्देश्य भटक गया और सरकार को प्राथमिकताओं पर ध्यान देना चाहिए।
मेला विवाद पर कहा – सामाजिक सौहार्द के खिलाफ
दुर्ग जिले के देवबलोदा में मेला विवाद और मंदिरों के आसपास कुछ समुदायों को दुकान नहीं लगाने देने के मुद्दे पर बघेल ने कहा कि यह सामाजिक सौहार्द के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि मेला-मड़ई सभी समुदायों का होता है और वहां किसी भी वर्ग को रोकना उचित नहीं है।
अविमुक्तेश्वरानंद पर दर्ज हुई एफआईआर
प्रयागराज के झूंसी थाने में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और उनके शिष्य मुकुंदानंद के खिलाफ नाबालिग बच्चों के यौन शोषण से जुड़े मामले में एफआईआर दर्ज की गई है।
माघ मेले से शुरू हुआ विवाद
18 जनवरी को प्रयागराज में माघ मेले के दौरान मौनी अमावस्या पर स्नान के लिए जाते समय पुलिस और शिष्यों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने पालकी रोककर पैदल संगम जाने को कहा था, जिस पर धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई थी। बाद में कुछ शिष्यों को हिरासत में लिया गया। घटना के बाद शंकराचार्य नाराज हो गए और धरने पर बैठ गए थे।


%202025.jpg%20(1).jpeg)
0 टिप्पणियाँ