Breaking
AdSense का जो verification code लगाया है, उसे साइट से हटाना नहीं है। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा: कुन्दन कुमार
BREAKING

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा: कुन्दन कुमार

 

🔍निर्माण कार्यों में लापरवाही पर सख्त कलेक्टर,अधिकारियों को नोटिस

🔍गुणवत्ता और मॉनिटरिंग सिस्टम विकसित करने के निर्देश


मुंगेली
, 26 फरवरी 2026।
जिले में संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा के लिए कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में लोक निर्माण विभाग की विस्तृत बैठक ली। बैठक में स्कूल, महाविद्यालय और अन्य शासकीय भवनों के निर्माण में हो रही देरी पर कलेक्टर ने कड़ा रुख अपनाया और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट रूप से जवाबदेह ठहराया।

कलेक्टर ने कहा कि शैक्षणिक भवनों का समय पर निर्माण न होना सीधे तौर पर विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा विषय है। यदि भवन समय पर तैयार नहीं होंगे तो विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहना पड़ेगा। उन्होंने निर्माण कार्य समय पर प्रारंभ नहीं करने और संतोषजनक जवाब प्रस्तुत न करने पर कार्यपालन अभियंता (ईई), एसडीओ मुंगेली एवं संबंधित सब इंजीनियर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही सब इंजीनियर सूर्य प्रकाश राजपूत का वेतन रोकने के निर्देश भी दिए गए।

गोड़खाम्ही में भवन निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब पर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने कहा कि यदि कार्य समय-सीमा में पूर्ण होते तो विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिल पातीं। उन्होंने दो टूक कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


सड़क निर्माण कार्यों की गहन समीक्षा

बैठक में जिले में चल रहे विभिन्न सड़क निर्माण कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति, वित्तीय एवं भौतिक प्रगति तथा पूर्णता की स्थिति की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिन सड़कों का निर्माण कार्य अब तक प्रारंभ नहीं हुआ है, उनके संबंध में कारण पूछते हुए संबंधित ठेकेदारों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

कोटा-लोरमी-पंडरिया मार्ग चौड़ीकरण, बोधापारा-बोड़तरा मार्ग चौड़ीकरण, सरगांव से साकेत मार्ग मजबूतीकरण, बंधवा पुल से गोड़खाम्ही पहुंच मार्ग, मुंगेली-परसवारा मार्ग, हरदी-भस्करा पहुंच मार्ग, कंतेली-सूरजपुरा-डिंडौरी-कोयलारी मार्ग, सरईपतेरा-हरदीबांध-उरईकछार मार्ग तथा पथर्री से डिंडोरी पहुंच मार्ग सहित अनेक परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी मॉनिटरिंग टूल विकसित किए जाएं। नियमित निरीक्षण, फोटो अपडेट, प्रगति रिपोर्ट और समय-सीमा निर्धारण के माध्यम से कार्यों को तय समय में पूर्ण किया जाए।

बैठक में वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव सहित विभागीय अधिकारी एवं संबंधित ठेकेदार उपस्थित रहे।


नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक

कलेक्टर ने नगरीय निकायों के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की भी अलग से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। खराब गुणवत्ता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लोरमी नगर पालिका में अधोसंरचना मद के अंतर्गत स्वीकृत, पूर्ण और निर्माणाधीन कार्यों, पंडरिया रोड पर प्रस्तावित प्रवेश द्वार, अंबेडकर चौक निर्माण, खेल परिसर सहित विभिन्न परियोजनाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। निविदा प्रक्रिया में अनावश्यक जटिलता और कार्य में देरी पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए लोरमी के सीएमओ और इंजीनियर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

मुंगेली नगरपालिका क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को भी समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समय-सीमा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ