उत्कृष्ट कार्य करने वाले कोटवारों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर किया गया सम्मानित
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्राम स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था, सूचना तंत्र एवं प्रशासन-पुलिस समन्वय को और अधिक मजबूत करना था। जिले भर से आए कोटवारों का सम्मान किया गया तथा ग्राम सुरक्षा और जनजागरूकता में उनके योगदान की सराहना की गई।
“पहल” कार्यक्रम से मिला सशक्त प्रशिक्षण
पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने कहा कि “पहल” कार्यक्रम के अंतर्गत कोटवारों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया है, जिससे वे अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन कर सकें। उन्होंने नशे की रोकथाम, साइबर फ्रॉड नियंत्रण तथा अपराध की सूचना समय पर उपलब्ध कराने में कोटवारों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने “सशक्त-सीजी पुलिस ऐप” की जानकारी देते हुए बताया कि इस ऐप के माध्यम से वाहन नंबर दर्ज कर उसकी स्थिति की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। साथ ही सभी थानों में लगाए गए क्यूआर कोड के जरिए आमजन अपने मोबाइल से फीडबैक दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने कोटवारों से अपील की कि वे ग्रामीणों को इस डिजिटल व्यवस्था से जोड़ें।
प्रशासन-पुलिस समन्वय से बेहतर परिणाम
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि स्पष्ट मंशा और समर्पित कार्यप्रणाली से सकारात्मक परिणाम मिलते हैं। जिले को मिली विभिन्न उपलब्धियों में कोटवारों की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि मजबूत सूचना तंत्र से प्रशासन को जमीनी स्तर की सटीक जानकारी समय पर मिलती है।
उन्होंने बताया कि एसआईआर जैसे महत्वपूर्ण कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने और धान खरीदी जैसे संवेदनशील कार्य को बिना किसी अप्रिय घटना के पूरा कराने में कोटवारों और प्रशासन के बेहतर समन्वय की अहम भूमिका रही।
साइबर जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण में योगदान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा कि साइबर प्रशिक्षण के माध्यम से कोटवारों ने गांव-गांव में जागरूकता फैलाई, जिसका परिणाम यह रहा कि धान खरीदी अवधि में साइबर ठगी की एक भी शिकायत प्राप्त नहीं हुई।
वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रमों में कोटवारों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय ने कहा कि कोटवार गांवों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन और पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रहे हैं।
प्रशस्ति-पत्र देकर किया गया सम्मान
कार्यक्रम के अंत में पुलिस महानिरीक्षक को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कोटवारों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर एवं मयंक तिवारी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कोटवार उपस्थित रहे।
.jpeg)

%202025.jpg%20(1).jpeg)
0 टिप्पणियाँ