Breaking
AdSense का जो verification code लगाया है, उसे साइट से हटाना नहीं है। पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग कोटवार सम्मान सम्मेलन में हुए शामिल
BREAKING

पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग कोटवार सम्मान सम्मेलन में हुए शामिल

 


मुंगेली, 26 फरवरी 2026। जिला कलेक्ट्रेट के जनदर्शन सभाकक्ष में जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा “पहल” कार्यक्रम अंतर्गत कोटवार सम्मान सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम में 15 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 30 ग्राम कोटवारों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

15 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम

कलेक्टर कुंदन कुमार (भा.प्र.से.) एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) की पहल पर वर्ष 2025-26 में सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम “पहल” के अंतर्गत जिले के 45 वर्ष से कम आयु के सभी ग्राम कोटवारों के लिए 15 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण में कोटवारों को ग्रामीण कानून-व्यवस्था, आसूचना संकलन, अपराधों में साक्ष्य संरक्षण, मुसाफिरी दर्ज करने की प्रक्रिया, यातायात नियम, साइबर अपराधों की पहचान एवं रोकथाम जैसे विषयों पर व्यावसायिक दक्षता बढ़ाने हेतु प्रशिक्षण दिया गया। रक्षित केंद्र मुंगेली में प्रातःकालीन योग एवं व्यायाम के माध्यम से शारीरिक दक्षता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

डिजिटल युग को ध्यान में रखते हुए साइबर ठगी से बचाव, “साइबर प्रहरी” अभियान से जुड़ाव तथा मोबाइल फोन के माध्यम से होने वाले अपराधों के प्रति जागरूकता पर विशेष सत्र आयोजित किए गए। साथ ही “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण में कोटवारों की भूमिका पर प्रकाश डाला गया।

गांव की मूल इकाई है कोटवार

पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने कहा कि कोटवार गांव की पुलिस एवं राजस्व विभाग की मूल इकाई है। वह गांव की जमीन संबंधी जानकारी से लेकर प्रत्येक घर के सदस्यों का विवरण रखता है तथा बाहरी व्यक्तियों की मुसाफिरी दर्ज कर बेसिक पुलिसिंग में अहम भूमिका निभाता है।

उन्होंने कोटवारों से अपील की कि वे साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों में सक्रिय सहभागी बनें और आम नागरिकों को जागरूक करें। प्रशासन एवं पुलिस के साथ समन्वय बनाकर कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने में योगदान दें।

अनुभव साझा, प्रशस्ति-पत्र से सम्मान

सम्मेलन के दौरान कोटवारों ने प्रशिक्षण से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने यातायात नियमन, भीड़ नियंत्रण, साइबर अपराधों की जानकारी तथा महिला एवं बाल अपराधों से संबंधित विषयों पर प्राप्त प्रशिक्षण को उपयोगी बताया।

कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर कुंदन कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, डीएफओ अभिनव कुमार एवं जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम कोटवारों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर अपर जिला दण्डाधिकारी निष्ठा पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी तथा जिले के ग्राम कोटवार उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ