PMGSY सड़कों की गुणवत्ता पर राज्य शासन सख्त, जीरो टॉलरेंस नीति के तहत दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
रायगढ़// प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत निर्माणाधीन एवं संधारित सड़कों की गुणवत्ता को लेकर राज्य शासन ने सख्त रुख अपनाया है। शासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा गुणवत्ता से समझौता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। जीरो टॉलरेंस नीति के तहत दोषी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदारों एवं अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में मुख्य अभियंता एवं राज्य गुणवत्ता समन्वयक श्री हरिओम शर्मा ने जिला रायगढ़ के विकासखण्ड धरमजयगढ़ में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन एवं संधारणाधीन सड़कों का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क निर्माण एवं संधारण कार्यों की गुणवत्ता, मापदंडों के पालन एवं प्रगति की बारीकी से समीक्षा की।
मुख्य अभियंता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा ठेकेदारों को पूर्ण रूप से जवाबदेह बनाकर ही कार्य कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत जनमन योजना के तहत निर्माणाधीन नकना से डुमरपारा (लंबाई 2.00 किलोमीटर) सड़क का विशेष रूप से निरीक्षण किया गया। जांच में यह सड़क निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुरूप पाई गई, जिस पर संतोष व्यक्त किया गया।
मुख्य अभियंता श्री शर्मा ने कहा कि ग्रामीण सड़कों की गुणवत्ता सीधे ग्रामीण जीवन स्तर से जुड़ी होती है। अच्छी एवं मजबूत सड़कें शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, कृषि उपज के परिवहन तथा अन्य मूलभूत आवश्यकताओं तक ग्रामीणों की सुगम पहुंच सुनिश्चित करती हैं।
इसके साथ ही पीएमजीएसवाई अंतर्गत चल रहे संधारण कार्यों का भी विस्तार से निरीक्षण किया गया। इनमें विकासखण्ड धरमजयगढ़ की धरमजयगढ़–कापु रोड टी-03 से अमृतपुर (4.11 किमी), लक्ष्मीपुर से बलपेंदा (13.00 किमी), टी-01 से टोनईनारा (2.15 किमी), रनपुर से गोहेसिलार (7.35 किमी) तथा कुम्हीचुंवा से चिखलापानी (1.20 किमी) सड़कों का निरीक्षण शामिल रहा।
निरीक्षण के दौरान धरमजयगढ़–कापु रोड टी-03 से अमृतपुर सड़क में सुधार कार्य में खामियां पाए जाने पर संबंधित उप अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही उक्त सड़क की संधारण अवधि छह माह बढ़ाने का आदेश दिया गया। यह कार्रवाई शासन की जीरो टॉलरेंस नीति और जिला प्रशासन की सख्त कार्यप्रणाली को स्पष्ट रूप से दर्शाती है।
निरीक्षण के समय कार्यपालन अभियंता, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना धरमजयगढ़, सहायक अभियंता, उप अभियंता तथा संबंधित ठेकेदार उपस्थित रहे। जिला प्रशासन द्वारा सभी विकास कार्यों की नियमित समीक्षा एवं निगरानी की जा रही है, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ ग्रामीण जनता तक गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पहुंच सके।

%202025.jpg%20(1).jpeg)
0 टिप्पणियाँ