कोंडागांव। जिले के पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा द्वारा थाना केसकाल क्षेत्र अंतर्गत स्थित कुएमारी कैंप एवं प्रस्तावित नवीन थाना भवन कुएमारी का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कैंप में उपस्थित CAF बटालियन की बी कंपनी तथा जिला बल के जवानों का दरबार लेकर उनसे व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की तथा उनकी समस्याओं, सुझावों एवं गुजारिशों को गंभीरता से सुना।
पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रा ने जवानों एवं अधिकारी-कर्मचारियों की पारिवारिक पृष्ठभूमि, कुशल-क्षेम एवं हाल-चाल की जानकारी ली। उन्होंने जवानों के बच्चों की शिक्षा, विशेषकर हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी एवं उच्च शिक्षा से संबंधित शासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जवानों का मनोबल बढ़ाते हुए उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्कृष्ट सेवा भावना की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कैंप की व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों एवं कार्य प्रणाली का अवलोकन किया तथा पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों की कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कृत करने हेतु उचित इनाम की अनुशंसा भी की।
अंत में पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा ने कैंप में पदस्थ CAF एवं जिला बल के जवानों को शाबाशी देते हुए उन्हें कर्तव्य के प्रति इसी समर्पण एवं निष्ठा के साथ कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया। उनके इस आकस्मिक निरीक्षण से जवानों में उत्साह एवं आत्मविश्वास का संचार हुआ तथा पुलिस बल का मनोबल और अधिक सुदृढ़ हुआ।

%202025.jpg%20(1).jpeg)
0 टिप्पणियाँ