Breaking
AdSense का जो verification code लगाया है, उसे साइट से हटाना नहीं है। कोण्डागांव में घर-घर बन रहा आभा आईडी
BREAKING

कोण्डागांव में घर-घर बन रहा आभा आईडी

डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं की ओर तेज़ी से बढ़ता जिला, 5.60 लाख से अधिक नागरिक जुड़े

कोण्डागांव

आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत कोण्डागांव जिले में आभा आईडी (आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट) निर्माण के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इस विशेष अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर नागरिकों का आभा आईडी बना रही हैं, जिससे लोगों को अस्पताल या किसी कार्यालय के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है।

स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं मितानिन बहनें ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लोगों को आभा आईडी के महत्व से अवगत करा रही हैं और मौके पर ही पंजीयन की प्रक्रिया पूरी कर रही हैं। इस पहल से विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को बड़ी सुविधा मिल रही है।


जिले में अब तक लगभग 5 लाख 60 हजार से अधिक नागरिकों का आभा आईडी निर्माण किया जा चुका है। आभा आईडी बनवाने के लिए केवल आधार कार्ड की आवश्यकता होती है। जिन नागरिकों के पास आधार कार्ड उपलब्ध है, वे स्वास्थ्य कार्यकर्ता से संपर्क कर या अपने निकटतम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जाकर आसानी से अपना आभा आईडी बनवा सकते हैं।

आभा आईडी एक डिजिटल स्वास्थ्य पहचान पत्र है, जिसके माध्यम से व्यक्ति का संपूर्ण स्वास्थ्य रिकॉर्ड सुरक्षित रूप से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रहता है। इससे मरीज देश के किसी भी सरकारी या निजी अस्पताल में बिना किसी परेशानी के उपचार प्राप्त कर सकते हैं। पूर्व में कराए गए उपचार की जानकारी डिजिटल रूप में उपलब्ध होने से डॉक्टरों को बेहतर इलाज करने में सहायता मिलती है तथा मरीजों को बार-बार दस्तावेज साथ ले जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती।

कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें और अपना आभा आईडी अवश्य बनवाएं। यह पहल न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य सुरक्षा को सशूत करती है, बल्कि जिले को डिजिटल और सशक्त स्वास्थ्य प्रणाली से जोड़ने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

कोण्डागांव जैसे आकांक्षी जिले में संचालित यह अभियान आने वाले समय में तेज़, पारदर्शी और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूत नींव स्थापित करेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ