‘आईजीओटी-कर्मयोगी’ आधारित संभाग स्तरीय ऑनलाइन कार्यशाला आयोजित
कोण्डागांव भारत सरकार द्वारा सिविल सेवकों की क्षमता निर्माण के उद्देश्य से विकसित डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘आईजीओटी-कर्मयोगी’ के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु संभाग स्तरीय ऑनलाइन कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में बस्तर संभाग के सभी सातों जिलों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
संभागायुक्त डोमन सिंह के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को डिजिटल माध्यम से उपलब्ध प्रशिक्षण सुविधाओं से अवगत कराना तथा उनकी कार्य दक्षता एवं प्रशासनिक क्षमता को सुदृढ़ बनाना रहा।
कार्यशाला के दौरान मास्टर ट्रेनर एवं अवर सचिव सुश्री अंजू सिंह ने पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से ‘आईजीओटी-कर्मयोगी’ पोर्टल पर पंजीयन प्रक्रिया, उपलब्ध प्रशिक्षण मॉड्यूल, उपयोग की विधि तथा इसके लाभों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अधिकारी एवं कर्मचारी विभिन्न विषयों पर ऑनलाइन प्रशिक्षण प्राप्त कर अपनी कार्य क्षमता एवं दक्षता में निरंतर सुधार कर सकते हैं।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना जिला कार्यालय के सभाकक्ष से कार्यशाला में शामिल हुईं। उनके साथ जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।
‘आईजीओटी-कर्मयोगी’ प्लेटफॉर्म प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे डिजिटल प्रशिक्षण के माध्यम से सुशासन, पारदर्शिता एवं कार्यकुशलता को और अधिक सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी।

%202025.jpg%20(1).jpeg)
0 टिप्पणियाँ