Breaking
AdSense का जो verification code लगाया है, उसे साइट से हटाना नहीं है। मुंगेली जिले की प्रशासनिक खास खबरें
BREAKING

मुंगेली जिले की प्रशासनिक खास खबरें

 कलेक्टर ने धान उठाव के सम्बंध में मिलर्स की ली बैठक,खरीदी केन्द्रों से शीघ्र ही धान उठाव पूर्ण करने के दिए निर्देश

मिलर्स की अनुपस्थिति पर नाराजगी जाहिर करते हुए नोटिस जारी करने के दिए निर्देश

मुंगेली 19 फरवरी 2026//  जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 अंतर्गत जिले के 105 उपार्जन केन्द्रों में खरीदे गए धान के उठाव के संबंध में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में राइस मिलर्स की विस्तृत बैठक ली और कार्य में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए। बैठक में उठाव की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी मिलर्स खरीदी केन्द्रों से शीघ्र ही पूरे धान का उठाव पूर्ण करें, अन्यथा नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बैठक में अनुपस्थित 04 मिलर्स पर नाराजगी जाहिर करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। 

कलेक्टर ने परिवहन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि धान उठाव एवं परिवहन कार्य केवल जीपीएस युक्त वाहनों से ही किया जाए तथा बिना जीपीएस वाहनों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और अनियमितताओं पर रोक लगे। मिलर्स ने अपनी समस्याएं रखते हुए धान की बोरियों में पानी डालकर वजन बढ़ाने की लगातार मिल रही शिकायतों का मुद्दा भी उठाया, जिस पर कलेक्टर ने जांच कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को पूरी प्रक्रिया की सतत मॉनिटरिंग करने को कहा, ताकि सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़ी व्यवस्थाएं समयबद्ध और सुचारू रूप से संचालित हो सकें। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पांडेय तिवारी अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव, जिला खाद्य अधिकारी श्री पंकज सेतपाल, एआरसीएस श्री हितेश श्रीवास, जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम श्री संदीप शर्मा, सीसीबी नोडल अधिकारी श्री संतोष सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। 

------------------------------------

कलेक्टर ने बांकी व पेंडाराकापा में सड़क निर्माण कार्यों का लिया जायजा

एनएच-130 ए और ग्रामीण विकास कार्यों का किया निरीक्षण, लापरवाही पर अधिकारियों को लगाई फटकार

मुंगेली 19 फरवरी 2026//  कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने मुंगेली विकासखंड के ग्राम बांकी, जैतपुरी, पेंडाराकापा, नुनियाकछार, जमहा तथा राष्ट्रीय राजमार्ग क्षेत्र का सघन निरीक्षण कर विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क निर्माण, शिक्षा, आंगनबाड़ी, स्वच्छता एवं अन्य अधोसंरचना कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया और गुणवत्ता में लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरी गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं।

कलेक्टर ने नुनियाकछार एनीकट के निरीक्षण के दौरान सूचना बोर्ड नहीं पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। एप्रोच रोड में उचित ढलान नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और आवश्यक सुधार कार्य तथा शेष कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। ग्राम बांकी में नव-निर्मित सड़क की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाए जाने पर तत्काल सड़क का सैंपल लेकर जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि निर्माण गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया तो सड़क को उखाड़कर पुनः निर्धारित मानकों के अनुसार निर्माण कराया जाए। इसी क्रम में कलेक्टर ने ग्राम पेंडाराकापा में लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित नई सड़क का निरीक्षण कर गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा कार्य में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।


कलेक्टर ने एनएच-130ए मुंगेली बायपास (बाघामुड़ा से गीधा) तक निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और एनएच के ईई से कार्य प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिग्रहित भूमि के मुआवजा वितरण की स्थिति की समीक्षा की तथा शेष किसानों से शीघ्र शपथपत्र (एफिडेविट) प्राप्त करने के निर्देश दिए। चातरखार क्षेत्र में सड़क की स्थिति पर असंतोष जताते हुए अधिक धूल उड़ने की स्थिति में नियमित रूप से पानी का छिड़काव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास अवैध रूप से डंप की गई निजी गिट्टी एवं रेत को जब्त कर दंडात्मक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त, मुंगेली नगर पालिका सीएमओ को मुंगेली से पंडरिया मार्ग के दोनों ओर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने निर्देशित किया। इस दौरान अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। 



--------------------------------------------


आंगनबाड़ी और विद्यालयों में कलेक्टर का औचक निरीक्षण

बच्चों साथ भोजन कर परखी गुणवत्ता, मोबाइल से दूरी बनाने, नियमित अध्ययन, लेखन अभ्यास करने किया प्रेरित

स्वच्छता में लापरवाही पर अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश

मुंगेली 19 फरवरी 2026//  कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने विकासखंड मुंगेली के ग्राम बांकी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र एवं शासकीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद किया, पोषण आहार एवं ‘रेडी टू ईट’ मेन्यू की जानकारी ली तथा स्वयं भोजन चखकर गुणवत्ता की जांच की। कलेक्टर ने भोजन स्वच्छता के साथ पकाने, ताजी सब्जियों का उपयोग सुनिश्चित करने और पोषण मानकों का पालन करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। बच्चों के उत्साहवर्धन हेतु उन्हें चॉकलेट भी वितरित की गई।



 कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान जैतपुरी-बांकी सामुदायिक शौचालय में ताला बंद पाए जाने पर ब्लॉक समन्वयक को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही गांव में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर जनपद सीईओ एवं संबंधित अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े स्टाफ को नोटिस जारी करने एवं वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा तथा लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके पश्चात कलेक्टर ने शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला एवं उच्च माध्यमिक शाला बांकी का निरीक्षण किया। विद्यालय परिसर में स्वच्छता की कमी पाए जाने पर तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। आगामी बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों की तैयारियों की समीक्षा की गई तथा नकल रोकने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए गए।

कलेक्टर ने विद्यार्थियों के साथ मध्यान्ह भोजन किया और स्मार्ट क्लास के माध्यम से संचालित शिक्षण पद्धति का अवलोकन किया। बच्चों से संवाद करते हुए उन्होंने परीक्षा की बेहतर तैयारी के लिए मार्गदर्शन दिया। कक्षा आठवीं की छात्रा बृहस्पति यादव के प्रश्न पर उन्होंने नियमित अध्ययन, लेखन अभ्यास तथा कठिन शब्दों को चिन्हित कर उनके अर्थ समझने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित लेखन अभ्यास करने, मोबाइल से दूरी बनाए रखने, नियमित समाचार पत्र पढ़ने तथा रेडियो समाचार सुनने एवं नियमित दिनचर्या का पालन करने प्रेरित किया। अंत में बच्चों को चॉकलेट वितरित कर प्रोत्साहित किया गया। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


---------------------------------------


राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 22 फरवरी को,जिले के 05 परीक्षा केन्द्रों में 1603 अभ्यर्थी होंगे शामिल

मुंगेली 19 फरवरी 2026//  छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 22 फरवरी को किया जाएगा। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने परीक्षा के सुचारु, पारदर्शी एवं निष्पक्ष संचालन के लिए व्यापक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। यह परीक्षा जिले के 05 परीक्षा केंद्रों डॉ.ज्वाला प्रसाद मिश्र शासकीय विज्ञान महाविद्यालय, शासकीय एसएनजी महाविद्यालय, बी.आर.साव शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला नगर पालिका और शासकीय उच्चतर माध्यमिक कन्या शाला में आयोजित होगी, जिसमें कुल 1603 अभ्यर्थी शामिल होंगे। सभी केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, बैठने की व्यवस्था एवं निगरानी के विशेष प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं।  

      आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार परीक्षा केन्द्र में प्रवेश के पूर्व सभी परीक्षार्थियों की हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर से जांच के साथ ही हाथों से तलाशी ली जाएगी, जिसके लिए परीक्षार्थियों को अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र में कम से कम 02 घंटे पूर्व पहुंचना अनिवार्य होगा, ताकि प्रवेश पत्र एवं पहचान पत्र की पूरी जांच समय पर हो सके। परीक्षा प्रारंभ होने के 15 मिनट पूर्व मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। अभ्यर्थी केवल प्रवेश पत्र, मूल फोटो पहचान पत्र, काले या नीले रंग का बॉलपॉइंट पेन तथा पारदर्शी पानी की बोतल ही साथ ला सकेंगे, जबकि मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैल्कुलेटर, किसी भी प्रकार की घड़ी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोटे सोल या ऊंची हील के जूते सहित अन्य प्रतिबंधित सामग्री पूर्णतः वर्जित रहेगी। परीक्षा के दौरान हल्के रंग के आधी बाँह के कपड़े और चप्पल पहनना अनिवार्य होगा। कान में किसी भी प्रकार का आभूषण पहनकर परीक्षा केन्द्र में प्रवेश वर्जित है। 


--------------------------------------


महतारी वंदन योजना के तहत प्राप्त राशि से कमलेश्वरी ने खरीदा सिलाई मशीन

प्रतिमाह कमा रही 03 हजार रूपए, बनी आत्मनिर्भर

मुंगेली 19 फरवरी 2026//  शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना आज ग्रामीण अंचलों में महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण की नई पहचान बनकर उभर रही है। यह योजना न केवल महिलाओं को आर्थिक सहारा दे रही है, बल्कि उन्हें अपने परिवार और समाज में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर भी प्रदान कर रही है। इसी कड़ी में विकासखण्ड लोरमी के ग्राम खुड़िया की कमलेश्वरी ने महतारी वंदन योजना के तहत प्राप्त राशि से सिलाई मशीन खरीदा है। सिलाई मशीन से कमलेश्वरी ने गांव की महिलाओं और बच्चों के कपड़े सिलना शुरू किया। उनके काम की गुणवत्ता और समय पर डिलीवरी के कारण उनका छोटा सा व्यवसाय धीरे-धीरे बढ़ने लगा, जिससे वह प्रतिमाह 03 हजार रूपए की आमदनी प्राप्त कर रही है। 

कमलेश्वरी ने बताया कि सीमित आय और पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण उन्हें अपने सपनों को बार-बार पीछे रखना पड़ता था। उनका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर था, और सिलाई का काम सीखने के बावजूद उनके पास स्वयं की सिलाई मशीन खरीदने के लिए पर्याप्त धन नहीं था। उनका सपना था कि वे आत्मनिर्भर बनें और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारें, लेकिन संसाधनों की कमी उनके रास्ते में सबसे बड़ी बाधा थी। इसी बीच उन्होंने शासन की महतारी वंदन योजना के तहत प्राप्त राशि को जमा कर सिलाई मशीन खरीदा और अपने सपने को साकार करने की दिशा में कदम बढ़ाया। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव सहित प्रशासन को योजना का संचालन करने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया है।


----------------------------------

बोर्ड परीक्षा अवधि में रात्रि 10 से प्रातः 06 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्र प्रतिबंधित,कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत आदेश जारी

मुंगेली, 19 फरवरी 2026//  शिक्षा सत्र 2026 में आयोजित होने वाली कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के दृष्टिगत कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री कुन्दन कुमार ने कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत आदेश जारी कर ध्वनि विस्तारक यंत्र का प्रयोग प्रतिबंधित किया है। जारी आदेश के अनुसार परीक्षार्थियों के अध्ययन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए कोलाहल नियंत्रण अधिनियम 1985 की धारा 5(2) एवं धारा 10(2) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जिले की संपूर्ण सीमा में 20 फरवरी से 18 मार्च तक रात्रि 10 से प्रातः 06 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया गया है। इस अवधि में किसी भी प्रकार के लाउडस्पीकर, डीजे, ध्वनि विस्तारक यंत्र अथवा अन्य शोर उत्पन्न करने वाले उपकरणों के उपयोग की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा अवधि को ध्यान में रखते हुए यह कदम विद्यार्थियों के हित में उठाया गया है, ताकि वे एकाग्रचित्त होकर अपनी तैयारी कर सकें।

उल्लेखनीय है कि यह आदेश कोलाहल नियंत्रण अधिनियम की धारा 13(1) के अंतर्गत पारित किया गया है। आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध अधिनियम की धारा 15 एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकतानुसार सीमित अवधि के लिए सक्षम प्राधिकारी से अनुमति प्राप्त की जा सकेगी। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए आदेश का पालन करें एवं परीक्षा अवधि के दौरान शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।

66 परीक्षा केंद्रों में होगी बोर्ड परीक्षा, 18 हजार 844 परीक्षार्थी होंगे शामिल

जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा के लिए 209 शासकीय एवं अशासकीय हाई और हायर सेकेंडरी विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए 66 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। कक्षा 10वीं में 10 हजार 991 नियमित तथा 203 स्वाध्यायी सहित कुल 11 हजार 194 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। वहीं कक्षा 12वीं में 07 हजार 488 नियमित एवं 162 स्वाध्यायी सहित कुल 07 हजार 650 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इस प्रकार जिले में कुल 18 हजार 844 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे।

कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने केंद्रों में निर्बाध विद्युत व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, आवश्यक चिकित्सा सुविधा एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने परीक्षा के सफल संचालन हेतु डिप्टी कलेक्टर श्री मायानंद चंद्रा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। परीक्षा के सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला स्तर पर 05 निरीक्षण दल गठित किए गए हैं। विकासखंड शिक्षा अधिकारी मुंगेली, लोरमी एवं पथरिया को अपने-अपने क्षेत्र में निगरानी दल गठित कर परीक्षा केंद्रों का सतत निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।

-----------------------------------------





एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ