कबीरधाम जिले के पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के वनांचल ग्राम कुल्हीडोंगरी में आयोजित संस्कृति गौरव सम्मान एवं अभिनंदन समारोह में लगभग 165 आदिवासी परिवारों के सदस्यों ने अपने मूल धर्म एवं परंपराओं में पुनः आस्था व्यक्त करते हुए घर वापसी की। यह आयोजन प्राथमिक शाला के पास संपन्न हुआ। इस अवसर पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने लौटे हुए सभी जनजातीय भाई-बहनों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने उनके पैर पखारकर सम्मान प्रकट किया। कार्यक्रम का यह दृश्य सांस्कृतिक आत्मगौरव और सामाजिक एकता का प्रतीक बन गया।
सनातन संस्कृति के संरक्षण के लिए सतत प्रयास
विधायक भावना बोहरा द्वारा पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में निरंतर सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार तथा आदिवासी एवं वनवासी परंपराओं के संरक्षण की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। उनके जमीनी प्रयासों से वनांचल क्षेत्रों में निवासरत जनजातीय परिवारों को योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है। साथ ही, प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने वाली गतिविधियों पर भी रोक लगाने की दिशा में पहल की जा रही है।
अब तक 400 से अधिक नागरिकों की घर वापसी
यह पहल केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं है। इससे पूर्व नेऊर क्षेत्र के आसपास के गांवों से 115 नागरिक, कुई-कुकदुर क्षेत्र से 70 नागरिक तथा ग्राम दमगढ़ से 50 नागरिक घर वापसी कर चुके हैं। कुल्हीडोंगरी में 165 नागरिकों की वापसी के साथ पंडरिया विधानसभा के वनांचल क्षेत्रों से अब तक लगभग 400 से अधिक आदिवासी नागरिक अपने मूल धर्म और सांस्कृतिक जड़ों से पुनः जुड़ चुके हैं।
प्रलोभन या दबाव से कराया गया धर्मांतरण — विधायक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह केवल धार्मिक विषय नहीं, बल्कि सांस्कृतिक अस्मिता, सामाजिक एकता और आत्मगौरव से जुड़ा व्यापक सामाजिक अभियान है। उन्होंने कहा कि संसाधनों की कमी के कारण पूर्व में कुछ लोगों द्वारा प्रलोभन या दबाव के माध्यम से धर्मांतरण कराया गया।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार धर्मांतरण पर रोक के लिए गंभीर है और आगामी विधानसभा बजट सत्र में छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक 2026 प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे धार्मिक स्वतंत्रता के संवैधानिक अधिकार की रक्षा हो सके और प्रलोभन, दबाव या छलपूर्वक धर्म परिवर्तन की गतिविधियों को नियंत्रित किया जा सके।
वनांचल क्षेत्रों में विकास कार्यों का विस्तार
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा वनांचल क्षेत्रों में विकास एवं रोजगार के अवसरों का विस्तार किया जा रहा है।
क्षेत्र में निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा, निःशुल्क मोबाइल हेल्थ पैथ लैब, दो बाइक एम्बुलेंस, शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार, अधोसंरचना विकास कार्य, जनजातीय परिवारों के लिए पीएम आवास तथा पीएम जनमन योजना के अंतर्गत पक्की सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। इन प्रयासों से क्षेत्र की तस्वीर लगातार बदल रही है।
शिक्षा, स्वास्थ्य और सम्मानजनक जीवन सरकार का संकल्प
विधायक भावना बोहरा ने दोहराया कि सरकार का संकल्प है कि वनांचल का प्रत्येक परिवार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सम्मानजनक जीवन से जुड़े। कुल्हीडोंगरी का यह आयोजन केवल घर वापसी नहीं, बल्कि सांस्कृतिक आत्मविश्वास और विकास के समन्वय का प्रतीक बन गया है।,कार्यक्रम में वरिष्ठ आदिवासी नेता धनवा परस्ते सहित नगर पालिका इंदौरी अध्यक्ष मित्रीन बाई मांडले, उपाध्यक्ष जशवंत साहू, उत्तम मार्सकोले, कुल्हीडोंगरी सरपंच संजीव परस्ते, रूपेश जैन, नवल पांडेय, खेम सिंह ठाकुर, मंडल अध्यक्ष खिलेश्वर साहू, नरेश साहू, जनपद अध्यक्ष नंदिनी साहू, स्वतंत्र तिवारी, राजकुमार यादव, थानेश्वर साहू सहित जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।




%202025.jpg%20(1).jpeg)
0 टिप्पणियाँ