रायपुर। विधानसभा के आगामी बजट सत्र से पहले प्रदेश कांग्रेस ने संगठनात्मक स्तर पर अहम बदलाव करते हुए नई जिम्मेदारियों की घोषणा की है। पार्टी ने विधानसभा में अपनी रणनीति को और मजबूत करने के उद्देश्य से उपनेता प्रतिपक्ष और सचेतक पदों पर नियुक्तियां की हैं।
प्रदेश कांग्रेस ने बस्तर से विधायक लखेश्वर बघेल को विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया है। वहीं दलेश्वर साहू को चीफ व्हिप (मुख्य सचेतक) और दिलीप लहरिया को डिप्टी व्हिप (उप सचेतक) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन नियुक्तियों को बजट सत्र के मद्देनजर संगठन को धार देने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
23 फरवरी को कांग्रेस विधायक दल की बैठक
विधानसभा के बजट सत्र को लेकर 23 फरवरी को शाम 4 बजे राजीव भवन, रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में कांग्रेस विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक की अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत करेंगे। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित सभी वरिष्ठ नेता और कांग्रेस विधायक मौजूद रहेंगे।
बैठक में बजट सत्र के दौरान राज्य सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने, जनहित के सवालों को प्रमुखता से उठाने और सदन के भीतर एकजुट रणनीति अपनाने पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, कांग्रेस आगामी बजट सत्र में आक्रामक रुख अपनाने की तैयारी में है और नई नियुक्तियां उसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं।

%202025.jpg%20(1).jpeg)
0 टिप्पणियाँ