स्कॉर्पियो पर ‘NATIONAL CRIME CONTROL’ का बोर्ड लगाकर जमाता था धौंस
धमतरी। असामाजिक तत्वों पर सख्त निगरानी के बीच धमतरी पुलिस ने फर्जी पहचान बनाकर खुद को जांच एजेंसी का अधिकारी बताने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपनी स्कॉर्पियो पर ‘NATIONAL CRIME CONTROL ORG.’ का बोर्ड लगाकर घूमता था और खुद को सीआईडी अधिकारी बताकर आम लोगों पर रौब झाड़ता था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चल रही सतत निगरानी के तहत 21 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि आमातालाब रोड स्थित श्रद्धा वेल्डिंग दुकान के पास एक संदिग्ध वाहन खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गवाहों की उपस्थिति में जांच की।
कांकेर निवासी है आरोपी
जांच के दौरान वाहन के डैशबोर्ड पर ‘VICE PRESIDENT C.G. NATIONAL CRIME CONTROL ORG. ALL INDIA’ लिखी प्लेट और संगठन का लोगो लगा मिला। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम टिकेश्वर नरेटी (28) निवासी ग्राम डांगरा, थाना दुर्गकोंदल, जिला उत्तर बस्तर कांकेर बताया।
उसके पास से ‘CRIME INVESTIGATION DEPARTMENT’ और ‘CRIME INVESTIGATION DETECTIVE’ अंकित दो फर्जी आईडी कार्ड बरामद हुए, जिनमें स्वयं को ‘National Officer’ दर्शाया गया था।
टोल टैक्स से बचने और प्रभाव जमाने करता था इस्तेमाल
पुलिस पूछताछ में आरोपी कोई वैध नियुक्ति पत्र या अधिकृत दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। उसने स्वीकार किया कि सितंबर 2025 में कथित व्यक्तियों के माध्यम से फर्जी आईडी कार्ड बनवाए थे और ऑनलाइन भुगतान कर उनकी वैधता बढ़ाता रहा। वह इन कार्डों और बोर्ड का उपयोग टोल टैक्स से बचने और विभिन्न स्थानों पर प्रभाव जमाने के लिए करता था।
पुलिस ने किया सामान जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 02 फर्जी आईडी कार्ड, 01 ‘NATIONAL CRIME CONTROL ORG.’ लिखा बोर्ड, 01 महिंद्रा स्कॉर्पियो (CG 05 AU 6136), 01 iPhone 11 Pro (जियो सिम सहित) तथा 01 सैमसंग M12 (जियो एवं बीएसएनएल सिम सहित) जब्त किया है।
21 फरवरी को हुई गिरफ्तारी
पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 21 फरवरी की रात 10 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर धमतरी सिटी कोतवाली थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज किया गया। बाद में उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस की अपील
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति स्वयं को शासकीय अधिकारी बताकर धौंस दिखाए या संदिग्ध गतिविधि करे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। कानून का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



%202025.jpg%20(1).jpeg)
0 टिप्पणियाँ