होटल की सातवीं मंजिल में देह व्यापार का खुलासा, स्पा संचालक समेत चार गिरफ्तार
जिले में अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल ट्रिनिटी की सातवीं मंजिल पर संचालित एक स्पा सेंटर से देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में स्पा संचालक, होटल मैनेजर और तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में थाना कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से यह कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल ट्रिनिटी स्थित सनराइज स्पा एंड सैलून में अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं।
सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस ने पहले एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर स्पा सेंटर भेजा। संकेत मिलते ही शाम करीब 7:30 बजे पुलिस टीम ने होटल में दबिश दी। छापेमारी के दौरान होटल के तीन अलग-अलग कमरों से तीन महिलाएं मिलीं। महिलाओं की गरिमा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों द्वारा तलाशी ली गई, जहां आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई।
पुलिस पूछताछ में स्पा सेंटर संचालक विनयकांत बरगट ने अवैध रूप से देह व्यापार संचालित करने की बात स्वीकार की। मामले में होटल मैनेजर देवेन्द्र सिंह की भूमिका सामने आने पर उसे भी हिरासत में लिया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक मोबाइल फोन, 6 हजार रुपये नकद, स्पा से संबंधित दस्तावेज, ग्राहकों का रजिस्टर तथा वर्ष 2024 से जुड़ा किरायानामा जब्त किया है। थाना कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

%202025.jpg%20(1).jpeg)
0 टिप्पणियाँ