CGBSE का बड़ा फैसला: बोर्ड परीक्षा शुल्क में इजाफा, नई दरें लागू
रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने 5 साल के अंतराल के बाद हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी परीक्षा शुल्क में वृद्धि करने का निर्णय लिया है। अब 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को बढ़े हुए शुल्क के अनुसार परीक्षा शुल्क देना होगा। नए शुल्क के अनुसार, सामान्य परीक्षा शुल्क अब 460 रुपये की बजाय 800 रुपये होगा। नामांकन शुल्क बढ़कर 200 रुपये कर दिया गया है, जबकि पहले यह 80 रुपये था। एडिशनल सब्जेक्ट लेने पर शुल्क 110 रुपये की जगह 250 रुपये निर्धारित किया गया है।
नियमित परीक्षा के अलावा अवसर परीक्षा के लिए भी शुल्क में बढ़ोतरी की गई है। एक विषय की द्वितीय मुख्य अवसर परीक्षा के लिए शुल्क 280 रुपये की बजाय 400 रुपये कर दिया गया है। दो विषय की द्वितीय मुख्य अवसर परीक्षा का शुल्क बढ़ाकर 600 रुपये किया गया, जो पहले 340 रुपये था। इसके अलावा, दो से अधिक विषय क्रेडिट योजना के तहत परीक्षा देने वाले छात्रों के लिए शुल्क 640 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये कर दिया गया है। मंडल अधिकारियों ने बताया कि यह वृद्धि परीक्षाओं के संचालन, सॉफ्टवेयर, पेपर प्रिंटिंग और अन्य व्यवस्थागत खर्चों को ध्यान में रखते हुए की गई है। छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा शुल्क की नई दरों के अनुसार तैयारी करें और समय पर शुल्क जमा करें।

%202025.jpg%20(1).jpeg)
0 टिप्पणियाँ