संभाग स्तरीय बस्तर पंडुम में कोंडागांव का दबदबा.....वाद्य यंत्र एवं आंचलिक साहित्य में जिला प्रथम, गृह मंत्री और मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
कोंडागांव में जनजातीय संस्कृति और परंपराओं की जीवंत झलक से सजे संभाग स्तरीय बस्तर पंडुम का भव्य समापन केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। समापन समारोह में बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों के कलाकारों ने अपनी पारंपरिक कला, संगीत और संस्कृति का शानदार प्रदर्शन किया, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में कोंडागांव जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए वाद्य यंत्र प्रदर्शन और आंचलिक साहित्य दोनों श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। केशकाल विकासखंड के ग्राम कलेपाल के रजऊ मंडावी और उनकी टीम ने लगभग 19 पारंपरिक वाद्य यंत्रों—मांदर, कोटोडका, मोहिर, निशान, ढोल आदि—के साथ अद्भुत प्रस्तुति देकर पूरे आयोजन में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। वहीं आंचलिक साहित्य प्रदर्शन में श्री उत्तम नाईक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
समापन अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने विजेता कलाकारों को चेक एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया और उनकी प्रतिभा की सराहना की।
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित बस्तर पंडुम का उद्देश्य जनजातीय कला, लोक संगीत, नृत्य और परंपराओं का संरक्षण एवं संवर्धन करना है। यह आयोजन विलुप्त होती लोककलाओं को पुनर्जीवित करने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है।
कोंडागांव के कलाकारों की इस उपलब्धि से जिले में गौरव का माहौल है और स्थानीय कला-संस्कृति को नई पहचान मिली है।


.jpeg)
%202025.jpg%20(1).jpeg)
0 टिप्पणियाँ